भिलाई/पतंजलि योग समिति, जिला दुर्ग द्वारा गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व बीरा जी के आंगन ,सिरसा रोड, आर्य नगर,कोहका भिलाई में पूरे श्रद्धा, उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति के भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के योग शिक्षक तथा पतंजलि के पांचों संगठनों भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति, युवा भारत एवं किसान पंचायत के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ शत्रुघ्न साहू, थानेन्द्र साहू एवं राजेश तिवारी द्वारा यज्ञ के माध्यम से किया गया। यज्ञ में सभी के उत्तम स्वास्थ्य तथा संपूर्ण राष्ट्र की सुख- समृद्धि एवं मंगलकामना की गई।इसके पश्चात पतंजलि योग समिति, जिला प्रभारी नरेंद्र पटेल ने योग गुरु स्वामी रामदेव महाराज एवं आचार्य बालकृष्ण महाराज के राष्ट्र, समाज एवं मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों, उनके मार्गदर्शन तथा भविष्य के संकल्पों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उपस्थित सभी सदस्यों ने उनके विचारों से प्रेरित होकर तन-मन-धन से समाज एवं राष्ट्र सेवा में योगदान देने का संकल्प लिया तथा गुरु वंदना की। कार्यक्रम में हर्षिता साहू एवं नवीश साहू द्वारा भजन के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित सभी साधकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। “”योग एवं समाज सेवा के लिए विशेष सम्मान””:जिले में योग एवं समाज सेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले योग शिक्षकों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में विमला राय, कावेरी चौधरी, अनामिका पुरी, यशोदा साहू, रामचंद्र वर्मा, कामराज पटले,संजय टावरी, राम लखन शर्मा, बीएल कहार, रामाधार महिलांग, आरआर खन्ना, डीपी शर्मा एवं प्रभुनाथ पांडे शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में जयंत विष्णु भारती, राज्य प्रभारी युवा भारत एवं योगासन स्पोर्ट, द्वारा सुंदर एवं प्रेरणादायी भजन की प्रस्तुति दी गई। सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह की माता श्रीमती कुलवंत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थी उन्होंने सभी अतिथियों, योग शिक्षकों एवं साधकों का बीरा जी के आंगन में पधारने के लिए आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात अनूप बंसल, सह राज्य प्रभारी, भारत स्वाभिमान न्यास ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संगठन के आगामी कार्यों की दिशा एवं कार्यपद्धति के संबंध में मार्गदर्शन दिया तथा सभी को योग, स्वास्थ्य, समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प दिलाया।
पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में जिले के पदाधिकारियों शंभू कुशवाहा,जेआर बीसेन, तिजऊ राम साहू, श्रीनिवास राव, उद्धव राम साहू, सुमन भारती एवं सुधा सोनी सहित कार्यकर्ताओं भावेश साहू, चौरसिया, राजेंद्र वैष्णव, उमेश साहू, मुरलीधर साहू, परस राम साहू, कुलेश्वर निषाद, साधना साहू तथा कान्हा पार्क एवं बीरा जी के आंगन के योग साधकों का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा। गुरु पूर्णिमा के इस अवसर पर उपस्थित सभी ने गुरु के मार्गदर्शन में योग को जन-जन तक पहुंचाने, स्वस्थ समाज के निर्माण तथा राष्ट्र सेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।
