भिलाई/प्राप्त जानकारीनुसार वार्ड 40, शंकर नगर में कुत्तों के आतंक से आमजनता अत्यधिक परेशान है निगम प्रशासन और वार्ड पार्षद की कार्यशैली से जनता नाराज है क्योंकि बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हो रही हैं। यहां पर कुत्तों का झुंड जमा रहता हैं जो कि स्थानीय नागरिकों के साथ- साथ राहगीरों के लिए भी परेशानी का सबब बन रहा है,कुत्ते सड़कों पर अड्डा जमाए रहते हैं तथा पैदल सवार या वाहन चालकों को देखते ही दौड़ाना शुरू कर देते हैं, जोर-जोर से भौंकना प्रारंभ करते हैं जिससे भयभीत होकर लोग कई बार रोड में ही गिर जाते हैं और उससे चोटिल भी हो रहे हैं। यहां पर आसपास में अनेक शासकीय स्कूल है जहां प्रतिदिन सैकड़ों बच्चें आवागमन करते हैं जो कि हमेशा डरे सहमे रहते हैं,कुत्ते उन्हें भी देखकर भौंकते हैं और काटने को आतुर रहते हैं। खासकर इस मार्ग से गुजरने वाले बच्चों एवं महिलाओं को बहुत ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है इन आवारा कुत्तों की वजह से लोगों में दहशत का माहौल है। कुछ राहगीरों ने चर्चा के दौरान बताया कि इन कुत्तों के कारण यहां से आने-जाने में भय लगता है किंतु मजबूरी मे जाना पड़ता हैं क्योंकि ड्यूटी करना है तो उक्त राह का उपयोग करना ही पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने कहा कि निगम प्रशासन और वार्ड पार्षद को इस समस्या की ओर गंभीरतापूर्वक ध्यान देना चाहिए ताकि जनता को राहत मिल सके।
