भिलाई/आगामी मोहर्रम पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहरभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ताजिया जुलूस के के लिए विभिन्न मोहल्लों, गलियों एवं मुख्य मार्गों पर झुकी हुई पेड़ों की डालियों की कटाई तथा मार्गों में लगे तोरण एवं अन्य अवरोधों को हटाने का कार्य किया जा रहा है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सभी जोन आयुक्तों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि मोहर्रम पर्व के मद्देनजर विशेष अभियान चलाकर ताजिया मार्गों का निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि जुलूस मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निगम प्रशासन द्वारा सभी जोन में अमले की तैनाती कर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अधिकारियों को ताजिया मार्गों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार शाखाओं की छंटाई, अवरोध हटाने एवं स्वच्छता कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। मोहर्रम पर्व शांति, सौहार्द और श्रद्धा का प्रतीक है, नगर निगम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं जिससे पर्व के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और ताजिया जुलूस सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
