भिलाई/राजनैतिक सूत्रों से प्राप्त जानकारीनुसार शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश पनप रहा है जो कि संगठन को भारी पड़ सकता है कांग्रेस के वरिष्ठ एवं पूर्व पदाधिकारियों – कार्यकर्ताओं को तवज्जो न दिए जाने से नाराज चल रहे हैं जिसके कारण आगामी निगम चुनाव में कांग्रेस को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी में पुराने चेहरों को अहमियत न देकर नए लोगों को पदाधिकारी बनाए जाने से कार्यकर्ता असंतुष्ट हैं और उन्होंने संगठन से दूरी बना ली है जिसकी वजह से कांग्रेस मजबूत होने की जगह पर दिनों दिन कमजोर होती जा रही है जो कि विपक्षीय पार्टी के लिए चिंता का विषय है वरिष्ठों और कनिष्ठों में सामंजस्य बैठा कर कार्यकारिणी की घोषणा की जानी चाहिए थी लेकिन ऐसा न होने से वरिष्ठजनों में असंतोष व्याप्त हैं। जानकारी अनुसार कांग्रेस की नीति के अनुसार जो व्यक्ति ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष रह चुका है उसे जिले में स्थान मिलता है लेकिन ठीक इसके विपरीत अनेक पूर्व पदाधिकारीयों को मात्र जिला कार्यकारिणी का सदस्य बना दिया गया है जो की उचित नहीं है। जानकारों का कहना है कि महामंत्री या सचिव जैसा महत्वपूर्ण पद देकर उनके अनुभवों का लाभ लेना चाहिए लेकिन इसका ध्यान नहीं रखा गया। कुछ वरिष्ठ कांग्रेसियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अभी तक जिला स्तरीय कार्यक्रम नहीं किया है जबकि ब्लॉक के कार्यक्रम को ही जिला स्तरीय दिखाया जाता है जो कि अनुचित है। विपक्ष में रहकर अगर वरिष्ठों को सम्मान नहीं मिलेगा तो पार्टी कैसे मजबूत होगी यह चिंता का विषय है।
