महासमुंद/शहर के नेहरू चौक पर आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अपर कलेक्टर रवि साहू को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि नेहरू चौक पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। आज एक बार फिर ट्रक के नीचे स्कूटी सवार युवती के गिरने की घटना सामने आई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। ऐसी घटनाएं शहर की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। अशवंत तुषार साहू ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि सुबह 8:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक भारी वाहनों का महासमुंद शहर में प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए, ताकि आम नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि महासमुंद शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए बाईपास निर्माण अब बेहद जरूरी हो गया है। प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र ठोस पहल करनी चाहिए। अशवंत तुषार साहू ने कहा कि जनता की जान की सुरक्षा सर्वोपरि है। महासमुंद को सुरक्षित यातायात व्यवस्था और बाईपास की आवश्यकता है। अब केवल आश्वासन नहीं, धरातल पर समाधान चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जनहित में इस मांग पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
