राजनांदगांव/माईनिंग अधिकारी बनकर वसूली करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार,खुद को माईनिंग विभाग का अधिकारी बताकर ट्रांसपोर्टर से की गई थी अवैध वसूली,डोंगरगांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई, स्विफ्ट कार सहित तीन आरोपी पकड़े गए
“”विवरण””- राजनांदगांव पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन में अवैध गतिविधियों एवं अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकएवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना डोंगरगांव पुलिस द्वारा फर्जी माईनिंग अधिकारी बनकर वसूली करने वाले तीन आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही की गई। 07.05.2026 को थाना डोंगरगांव में प्रार्थी रामसिंह राजपूत पिता डेरा सिंह राजपूत, निवासी ग्राम दर्री, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह ट्रांसपोर्टिंग एवं जेसीबी कार्य का व्यवसाय करता है। प्रार्थी द्वारा ग्राम आमगांव स्थित किसान यशवंत साहू के खेत में जेसीबी एवं ट्रैक्टर के माध्यम से खेत मरम्मत एवं मिट्टी समतलीकरण का कार्य कराया जा रहा था। कार्य के दौरान दोपहर लगभग 02ः58 बजे स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 04 पीएन 1413 में सवार तीन व्यक्ति रवि शर्मा, रेहाना बेगम एवं शेख अरमान मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने स्वयं को माईनिंग विभाग का अधिकारी बताते हुए प्रार्थी एवं उसके ड्राइवर तनुज कुमार को अवैध खनन करने का आरोप लगाकर डरा-धमकाया तथा कार्यवाही एवं बदनाम करने की धमकी देकर 10,000 रुपये की मांग की। भयवश प्रार्थी द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से आरोपी के मोबाइल नंबर पर 6,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया। घटना की सूचना प्राप्त होने पर थाना डोंगरगांव पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए कुमरदा पेट्रोल पंप के पास उक्त स्विफ्ट वाहन में सवार तीनों संदिग्ध रवि शर्मा, रेहाना बेगम एवं शेख अरमान व्यक्तियों को पकड़ा गया। पुलिस के द्वारा पुछताछ करने पर रेहाना बेगम द्वारा खुद को पत्रकार बताया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरगांव में धारा 204 ,308(2), 3(5) बीएनएस मे अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।