भिलाई/प्राप्त जानकारीनुसार वार्ड 32, बैकुंठ नगर में ट्रांसफार्मर लाईन,सुरेश हलवाई गली में सड़क की हालत बेहद खराब है और बद से बदतर हो चुकी हैं और इस बदहाल सड़क से आमजनता अत्यधिक परेशान है। उक्त सड़क में लोगों का चलना – फिरना मुश्किल हो गया है,इस सड़क को बने लगभग 22- 23 साल बीत चुके हैं,बरसात में 2-3 फीट पानी भर जाता हैं जिससे आवाजाही पूर्ण रूप से बंद हो जाती हैं तथा बारिश का पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुस जाता हैं। इसके अलावा वर्षा ऋतु में नाली का गंदा मलबा रोड के ऊपर 1 फीट तक जम जाता हैं जिसे लोग स्वयं साफ करते हैं इससे बड़ों के साथ-साथ बच्चों को भी परेशानी होती हैं। इस सड़क में जगह-जगह लोगों ने अपनी सुविधानुसार अपने-अपने घरों के सामने ब्रेकर बना दिया है जो कि जी का जंजाल बन गया हैं जिसकी वजह से बच्चों का स्कूल आना-जाना मुश्किल हो गया है एवं हॉस्पिटल जाने वाले मरीज,ड्यूटी वाले लोग गति अवरोधक की वजह से क्षुब्ध रहते हैं क्योंकि स्पीड बंप के कारण रुक-रुक कर जाना पड़ता हैं और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता हैं। नाली भी अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही हैं,लगभग 1984-85 में निर्मित की गई नाली आज तक चल रही हैं जिसकी स्थिति का आप अंदाजा लगा सकते हैं और सफाई का इंतजाम भी ध्वस्त है 2-3 महीनों में एकाध बार ही सफाई बामुश्किल हो पाती हैं। स्थानीय लोगों ने चर्चा के दौरान बताया कि पार्षद क्षेत्र का दौरा करने कभी नहीं आती हैं केवल पार्षद पति ही आते हैं,पार्षद के रहते हुए सड़क में लोग अपने हिसाब से अवरोधक बना रहे हैं जो कि उचित नहीं है और सड़क की बहुत बुरी हालत हैं। इस सड़क,नाली निर्माण तथा सफाई के प्रबंध को लेकर कई बार पार्षद पति से शिकायत कर चुके हैं किंतु कोई सुधार नहीं आ रहा हैं। अब तो हम लोग स्थानीय विधायक रिकेश सेन से मुलाकात कर अपनी समस्या बताएंगे।
