गंगरेल/गंगरेल बांध में आयोजित भव्य रोजगार मेला एवं संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगरेल बांध, मॉडमसिल्ली बांध, दुधावा बांध एवं सोंडूर बांध को रोजगार, पर्यटन, इको-टूरिज्म एवं स्वरोजगार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जनसंवाद स्थापित करना था।कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में लगभग 368 प्रतिभागी उपस्थित रहे, जिनमें से 356 लोगों का पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष डुबान संघर्ष समिति कुंवर सिंह, समाजसेवी श्रीमती हेमलता शर्मा,निखिलेश दीवान, सामाजिक प्रमुख वीर सिंह सोरी, हेमंत हिरवानी, चंदन सिंह, मोहनी साहू जी एवं मोहन साहू जी ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने, पर्यटन विकास तथा क्षेत्र की आर्थिक प्रगति के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
कार्यक्रम में भविष्य की एक महत्वपूर्ण योजना पर भी चर्चा हुई। गंगरेल क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन समिति के गठन का प्रारूप तैयार किया गया है। प्रस्तावित समिति पर्यटन गतिविधियों के बेहतर संचालन, स्थानीय संसाधनों के संरक्षण तथा क्षेत्रवासियों को रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेगी।आयोजक खूबलाल ध्रुव (जन सेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता) ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पर्यटन आधारित विकास से स्थानीय लोगों को स्थायी रोजगार, स्वरोजगार और व्यवसाय के अवसर मिलेंगे तथा क्षेत्र आर्थिक रूप से सशक्त बनेगा।
