धरसीवा/धरसीवा ब्लॉक के ग्राम सम्मानपुर नकटी में प्रशासनिक कार्रवाई के बाद विस्थापित हुए ग्रामीणों से मिलने रायपुर जिला ग्रामीण एनएसयूआई की टीम जिला उपाध्यक्ष सूर्यप्रताप बंजारे के नेतृत्व में गांव पहुंची। टीम ने प्रभावित परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासनिक कार्रवाई के कारण भारी बारिश के बीच उन्हें अपने ही आशियानों से बेघर होना पड़ा। कई परिवारों ने वर्षों की मेहनत की कमाई, बैंक ऋण एवं कर्ज लेकर अपने मकान बनाए थे, जो अब टूट चुके हैं। विस्थापन के बाद उन्हें सरकारी फ्लैटों में स्थानांतरित किया गया है, लेकिन वहां भी विभिन्न प्रकार के शुल्क एवं अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है, महिलाओं को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है तथा अनेक युवाओं का रोजगार भी छिन गया है।
गांव के बुजुर्गों ने बताया कि जिस भूमि को प्रशासन द्वारा आबादी भूमि बताकर कार्रवाई की गई, उसमें लगभग 32 एकड़ कृषि भूमि तथा शेष चरागाह भूमि शामिल है। ग्रामीणों का दावा है कि अनेक परिवार पिछले लगभग 40 वर्षों से वहां निवास कर रहे थे। उनका आरोप है कि उन्हें नियमानुसार न तो पर्याप्त समय दिया गया और न ही उचित मुआवजा प्रदान किया गया।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक नोटिस रात के समय घरों के बाहर चस्पा किए गए तथा उसी दौरान बुलडोजर की कार्रवाई की गई, जिससे पूरे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि उक्त भूमि के आसपास भारतीय जनता पार्टी के कुछ बड़े नेताओं की भूमि स्थित है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
एनएसयूआई जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष सूर्यप्रताप बंजारे ने कहा कि किसी भी बच्चे का भविष्य प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा कॉपी, बैग, जूते सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रायपुर जिला ग्रामीण एनएसयूआई सम्मानपुर-नकटी के ग्रामीणों के हक और अधिकार की लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस संकट की घड़ी में प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक एवं कानूनी स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी प्रतिनिधि मंडल के संग एनएसयूआई ने माना कैंप थाना पहुंचकर पूरे मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की। इस अवसर पर उपस्थित रहे जिला, विधानसभा एवं ब्लॉक पदाधिकारियों में जिला ग्रामीण एनएसयूआई उपाध्यक्ष सूर्यप्रताप बंजारे, धरसीवा विधानसभा अध्यक्ष देवेन्द्र खेलवार,आरंग विधानसभा अध्यक्ष अजीत कोशले, जिला महासचिव नीलकांत मारकंडे, जिला सचिव ऋतिक, जिला ग्रामीण कोऑर्डिनेटर एवं विधानसभा महासचिव अभिषेक गायकवाड़, महासचिव लिशांक टंडन, पिंटू कोशले, मनीष वर्मा, एस. कुमार साहू, आर्यन ढीढ़ी, पंकज टंडन, नीतीश, आकाश गहरवार, सौरभ बंजारे, वरुण साहू, दीपक वर्मा, गणेश उरांव, किशन उरांव, जयकुमार उरांव, घनश्याम परमार, कृतेश गायकवाड़, देव कुमार, मनीष, पावस जांगड़े, आर्यन जांगड़े, वरुण, डेविड, राजा, जागृत, चंदू, सत्येंद्र, विवेक एवं प्रशांत सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
