राजनांदगांव/पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी पहचान बनाकर लोगों को ठगी, ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना का शिकार बनाने वाले एक शातिर साइबर आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना लालबाग में प्राप्त शिकायत के अनुसार, प्रार्थी की पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा लड़की की आवाज में कॉल कर उसके पिता के दुर्घटनाग्रस्त होने और गंभीर रूप से घायल होने की झूठी सूचना दी गई। जब युवती ने उक्त जानकारी को असत्य बताया, तो आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। बाद में प्रार्थी द्वारा संपर्क करने पर आरोपी ने उन्हें भी अपशब्द कहे तथा जान से मारने की धमकी दी।शिकायत एवं उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 219/2026 धारा 296 एवं 351(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में साइबर थाना एवं थाना लालबाग की संयुक्त टीम गठित की गई।तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक कुमार बघेल (22 वर्ष), निवासी ग्राम विष्णुपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी आईडी बनाकर युवकों से संपर्क करता था, उन्हें अपने झांसे में लेकर पैसों की मांग करता था तथा मांग पूरी नहीं होने पर गाली-गलौज, धमकी और ब्लैकमेलिंग करता था। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त तकनीकी साक्ष्य प्राप्त होने पर उसे गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।