दुर्ग/कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने जनपद पंचायत दुर्ग, धमधा और पाटन में होने वाले उप-निर्वाचन कार्यों को संपन्न कराने के लिए विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदान दल गठन, अवकाश स्वीकृति की जिम्मेदारी और मतदान दलों के प्रशिक्षण और मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति का कार्य जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे को दी गई है, जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा और जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी श्रीमती श्वेता चौबे उनकी सहायता करेंगे। निर्वाचन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु एसडीएम दुर्ग ग्रामीण हरवंश सिंह मिरी, एसडीएम पाटन लवकेश ध्रुव और एसडीएम धमधा सोनाल डेविड को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। यातायात प्रबंधन के लिए संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया और इनकी सहायता हेतु अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मृत्युंजय प्रसाद पटेल और खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया को दायित्व दिया गया है। स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन व्यवस्थाओं और मेडिसिन किट के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी को नोडल तथा सिविल सर्जन डॉ. आशिशान मिंज को सहायक की जिम्मेदारी मिली है। निर्वाचन प्रेक्षकों के सत्कार और ठहरने की व्यवस्था के लिए उप संचालक खनिज दीपक मिश्रा नोडल अधिकारी और सहायक खनिज अधिकारी दीपक तिवारी संभालेंगे। मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन और मतदाता सूची से संबंधित कार्य के लिए नोडल उपसंचालक पंचायत अनुभाग आकाश सोनी और सहायक के रूप में संबंधित जनपदों के सीईओ कार्य देखेंगे। निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता का कार्य के लिए उपसंचालक समाज कल्याण अखंड प्रताप गौतम नोडल अधिकारी और सहायक प्राध्यापक ऐश्वर्य सिंह ठाकुर को नियुक्त किया गया है। मतदान दिवस पर प्रोग्रेसिव जानकारी भेजने के लिए सहायक आयुक्त आदिमजाति कल्याण विभाग अविनाश श्रीवास को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस कार्य में विभाग के सहायक ग्रेड-3 ओपी साहनी और भूपेश कुमार देवांगन इनकी सहायता करेंगे। मतपत्र व्यवस्था और मानदेय संबंधी कार्यो का दायित्व वरिष्ठ कोषालय अधिकारी कृष्णकांत खरंसु को और सहायता हेतु सकायक कोषालय अधिकारी शंकर सिंह को दायित्व सौंपा गया है। निर्वाचन संबंधी सहायता और शिकायतों के निराकरण हेतु अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती रेखा राजपूत को नोडल अधिकारी बनाया गया है जिसमें भू-अभिलेख अधीक्षक अजय मरावी इनके सहायक होंगे। सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति और उनकी रिपोर्ट प्राप्त करने के कार्य हेतु स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के सहायक अधीक्षक विनोद कुमार रोही नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है और सहायक ग्रेड-2 अमित श्रीवास्तव तथा सहायक ग्रेड-3 गोपाल प्रसाद चंदानिया इन्हे सहायता प्रदान करेेंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी नियुक्त अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करना निर्देशित किया है।