दुर्ग/आगामी एक माह के भीतर खरीफ फसल की बुवाई का समय शुरू होने जा रहा है, जिसे देखते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में विद्युत विभाग ने किसानों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण तैयारियां कर दी है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक संजय खंडेलवाल एवं अधीक्षण अभियंता, वृत्त दुर्ग आरके मिश्रा के निर्देशन में अहिवारा संभाग के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कन्हारपुरी में 3.15 एमवीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक चार्ज किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की कोई कमी न हो और वे अपनी फसलों को सुरक्षित रख सकें।
किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने कृषि पंपों के लिए अलग ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की है। इससे उपकेंद्र पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार का प्रबंधन बेहतर तरीके से होगा और कृषि उपभोक्ताओं को ओवरलोडिंग एवं लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं से स्थाई मुक्ति मिलेगी। इस सुदृढ़ीकरण से धमधा वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कन्हारपुरी, जातघर्रा, परसबोड़, खपरी, धरमपुरा, बिरझापुर और बसनी के लगभग 876 कृषि उपभोक्ता अब उचित वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली प्राप्त कर सकेंगे। पूर्व में यहाँ 3.15 एमवीए और 05 एमवीए के ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, जिनमें अब इस नई इकाई के जुड़ने से कुल क्षमता में बड़ा इजाफा हुआ है। विगत दिवस आयोजित पॉवर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकरण कार्यक्रम के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता एचके मेश्राम, कार्यपालन अभियंता एसके राय, डीके भारती एवं टीएल सहारे सहित सहायक अभियंता एके धनकर एवं डीके साहू, कनिश्ठ अभियंता राहुल गोपलानी एवं तकनीकी स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े, यह विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।