बालोद/पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल द्वारा रक्षित केंद्र बालोद का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की अनुशासनात्मक व्यवस्था, परेड की सुदृढ़ता एवं समस्त टोली के टर्न आउट का निरीक्षण किया गया। परेड में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों के ड्रेस, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशंसा स्वरूप पुरस्कृत किया गया। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा रक्षित केंद्र परिसर की साफ-सफाई, बैरक व्यवस्था, कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं दैनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिसर की स्वच्छता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता को प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। शासकीय वाहनों के निरीक्षण के दौरान उनके रखरखाव, उपयोगिता एवं दस्तावेजों की स्थिति का अवलोकन किया गया। साथ ही दो नए शासकीय वाहनों का पूजा कर उदघाटन किया गया पुलिस अधीक्षक द्वारा वाहनों के नियमित मेंटेनेंस, समय-समय पर सर्विसिंग एवं सुरक्षित संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त रक्षित केंद्र के शस्त्रागार (आर्म्स एवं एम्युनेशन), कीट स्टोर शाखा सहित अन्य सभी शाखाओं का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शस्त्रों की उपलब्धता, रखरखाव, रिकॉर्ड संधारण एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी उपकरणों एवं सामग्री का नियमित निरीक्षण एवं अद्यतन रिकॉर्ड संधारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर त्वरित उपयोग संभव हो सके।
निरीक्षण उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न शाखाओं एवं इकाइयों से आए अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती स्थानांतरण/आवास एवं यात्रा भत्ता तथा अन्य गुजारिशों को सुना गया। उन्होंने सभी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए । इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी बोनिफास एक्का, डीएसपी राजेश बागड़े, परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा सहित पुलिस कार्यालय के स्टाफ एवं जिले बल बालोद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने अंत में सभी अधिकारी- कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा के प्रति समर्पित रहकर कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
