दुर्ग/विधायक निधि के कार्यों की ऑनलाइन प्रक्रिया हेतु दुर्ग में संभाग स्तरीय प्रशिक्षण 10 अप्रैल को

दुर्ग/विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना (एमएलएएलएडीएस) की संपूर्ण प्रक्रिया को 01 अप्रैल 2026 से ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने हेतु दुर्ग संभाग के सभी जिलों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार यह प्रशिक्षण 10 अप्रैल 2026 को पूर्वान्ह 11.00 बजे से अपरान्ह 4.00 बजे तक शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नाकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (साइंस कॉलेज), दुर्ग के ’राधाकृष्णन हॉल’ में आयोजित होगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले समस्त जिलों-दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-गंडई-छुईखदान एवं मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी के प्रतिभागी सम्मिलित होंगे। प्रशिक्षण के सुचारू संचालन हेतु जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय की उपसंचालक श्रीमती कविता एंथोनी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से विधायकों के निज सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर तथा संबंधित क्रियान्वयन एजेंसियों जैसे नगर पालिक निगम, जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी व उनके डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय के उपसंचालक, सहायक सांख्यिकी अधिकारी और विधायक निधि शाखा के कर्मचारी भी इस सत्र में भाग लेंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित जिला प्रमुखों को प्रशिक्षण में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि ऑनलाइन प्रणाली का क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *