रायगढ़/अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज पुलिस कंट्रोल रूम में जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष भर जिला पुलिस में अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में चयनित कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस की ओर से महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम “हेलो सिस्टर” के गठन की घोषणा की। इस एक्सक्लूसिव टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी। टीम के लिए एक अलग हेल्पलाइन नंबर 9479270533 जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिले में कहीं से भी कोई महिला पीड़ित इस नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेगी। टीम का दायित्व होगा कि कॉल प्राप्त होने पर तत्काल पीड़ित महिला से संपर्क कर उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस टीम में डीएसपी उन्नति ठाकुर के साथ महिला थाना प्रभारी एवं अन्य महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम में जिन महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया उनमें निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक वीणा साहू, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, महिला आरक्षक अनिता बेक, ममता साहू, मेनका चौहान, सुप्रिया सिदार, श्यामा सिदार सहित अन्य महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहीं।
