दुर्ग/जिले में कृषक उन्नति योजनांतर्गत पंजीकृत धान एवं धान बीज उत्पादक कृषकों के लिए कल 28 फरवरी 2026 का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है, जहाँ दोपहर 12.30 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा विकासखण्ड-बिल्हा, जिला-बिलासपुर से सीधे बटन दबाकर राज्य के 24.28 लाख किसानों को 10324.84 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। इसी क्रम में दुर्ग जिले के तीनों विकासखण्डों-दुर्ग, धमधा और पाटन में विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लगभग 1000 किसानों की उपस्थिति संभावित है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय का सीधा प्रसारण दिखाने के साथ ही उनके द्वारा हितग्राहियों से चर्चा भी की जाएगी। कार्यक्रमों के क्रम में विकासखण्ड-पाटन में लोकसभा दुर्ग सांसद विजय बघेल, विकासखण्ड-दुर्ग में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर तथा विकासखण्ड -धमधा में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व विधायक अहिवारा डोमनलाल कोर्सेवाड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार योजनांतर्गत जिले के कुल 1,06,830 किसानों को 40789.42 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा, जिसमें विकासखण्ड दुर्ग के 25,057 कृषकों को 8703.03 लाख, वि.ख. पाटन के 44,122 कृषकों को 16995.87 लाख और वि.ख. धमधा के 37,651 कृषकों को 15,090.54 लाख रुपये की राशि प्राप्त होगी। खरीफ 2025 में उपार्जित धान पर (कॉमन) 731 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 15,351 रुपये प्रति एकड़ तथा धान (ग्रेड-ए) पर 711 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 14,931 रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता दी जाएगी, साथ ही फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने हेतु धान के बदले अन्य फसलें जैसे दलहन, तिलहन, मक्का या कपास लगाने वाले किसानों को 11,000 रुपये प्रति एकड़ तक की राशि प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा सभी किसान भाइयों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।