राजनांदगांव/शहर में पुलिस की कांबिंग गश्त, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर,शहर में कांबिंग गश्त के दौरान 45 से अधिक असामाजिक तत्वों की चेकिंग की गई

राजनांदगांव/जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कांबिंग गश्त अभियान संचालित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान हेतु 03 अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया , जिनके द्वारा थाना कोतवाली, थाना बसंतपुर एवं पुलिस चौकी चिखली क्षेत्रों के संवेदनशील मोहल्लों एवं कॉलोनियों में सघन कांबिंग गश्त की गई। कांबिंग गश्त के दौरान कुल 60 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे, जिन्होंने गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों एवं सुनसान क्षेत्रों में भ्रमण कर 45 से अधिक असामाजिक एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच-पड़ताल की गईं। अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली क्षेत्र के लखोली क्षेत्र, बैगपारा, दुर्गा चौक, राजीव नगर,
पुलिस चौकी चिखली क्षेत्र के 16 खोली स्टेशन, शंकरपुर, शांति नगर, मोतीपुर, रामनगर,थाना बसंतपुर क्षेत्र के कुआँ चौक एवं नंदई चौक इंदिरा नगर चौक,डबरीपारा में विशेष रूप से चेकिंग की गई। कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। साथ ही पूर्व में अपराध में संलिप्त रहे नाबालिग बालकों के घर जाकर उनके माता-पिता को बच्चों को रात्रि समय अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने देने की समझाइश भी दी गई। इस कांबिंग गश्त में 03 राजपत्रित अधिकारी सहित सभी संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारी अपने- अपने दल-बल के साथ उपस्थित रहे।राजनांदगांव पुलिस द्वारा इस प्रकार की कांबिंग गश्त आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे तथा अपराधियों में भय का वातावरण कायम हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *