भिलाई/महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में सेवक जन फाउंडेशन
द्वारा समाज में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाले समाज सेवियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल,खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड में मंत्री दर्जा प्राप्त राकेश पाण्डेय,इंद्रजीत सिंह छोटू तथा मनीष पांडेय उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाज हित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज सेवियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि जो लोग पवित्र भाव से मानव सेवा को ईश्वर सेवा मानकर कार्य कर रहे हैं, वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे समाज सेवियों का सम्मान कर सेवक जन फाउंडेशन ने सराहनीय पहल की है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में समाज और राष्ट्र के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों का सम्मान अत्यंत आवश्यक है। इससे सेवा कार्यों को नई ऊर्जा मिलती है तथा अन्य लोगों को भी समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने सम्मानित सभी समाज सेवियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें जनसेवा के लिए और अधिक शक्ति, सामर्थ्य एवं उत्साह प्रदान करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
