भिलाई/साजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खण्डसरा में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने अग्निवीर योजना के अंतर्गत चयनित हुए शिवम साहू से उनके निवास पहुंचकर मुलाकात की तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिवम साहू, पिता राजकुमार साहू, का चयन अग्निवीर योजना के तहत हुआ है। उन्हें नासिक में प्रशिक्षण केंद्र आवंटित हुआ है तथा 27 अप्रैल 2026 को उनका चयन सुनिश्चित हुआ। शिवम के चयन से परिवार सहित पूरे ग्राम में हर्ष और गौरव का वातावरण है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि देश सेवा का अवसर मिलना अत्यंत गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने शिवम साहू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण और देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उनके इस चयन से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू ने भी शिवम साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संजीव तिवारी, हर्षवर्धन तिवारी, केशव पटेल, सोनू पटेल, परमेश्वर वर्मा, नागेश्वर वर्मा, सूरज राजपूत, छत्रपाल वर्मा, नेतराम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
