भिलाई/प्राप्त जानकारीनुसार वार्ड 37, रविदास नगर के नहर नाला के पास गंदगी ही गंदगी है,दुर्गा माता मंदिर के पास नहर ऊपर तक भर चुकी है और कचरे ने लोगों का जीना-खाना मुश्किल कर दिया है यहां पर चहुंओर गंदगी ने अपना साम्राज्य स्थापित कर लिया है तथा नाली भी कई महीनों से साफ न होने के कारण भयंकर बदबू मार रही है,कचरे की वजह से लोगों के घरों तक कीड़े-मकोड़े पहुंच रहे हैं एवं मच्छरों ने आतंक मचा रखा है। आप जाएंगे तो पाएंगे कि जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है और मंदिर के ठीक बगल में कचरे का पहाड़ बन गया हैं जो कि सफाई के अभाव में लोगों को रास नहीं आ रहा है। नाला भर जाने के कारण कचरा सड़क पर ही फैला रहता हैं और घरों में रहने वालों के लिए जी का जंजाल बन गया है l पता नहीं क्यों निगम प्रशासन का स्वास्थ्य विभाग इस ओर ध्यान देने की बजाय केवल खानापूर्ति करने में लगा हुआ हैं। ऐसा लगता हैं कि निगम प्रशासन को स्थानीय नागरिकों से कोई लेना-देना नहीं है एवं वो अपनी जिम्मेदारी से भाग रहा हैं। खासकर बरसात में नाले के गंदे बदबूदार पानी के कारण वार्डवासी ही नहीं वरन राहगीर भी परेशानी का सामना कर रहे हैं। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर उनके माता-पिता बेहद चिंतित हैं क्योंकि गंदगी और मच्छरों के कारण बीमारी फैलाने का खतरा बना रहता हैं। यहां पर बारिश पूर्व सफाई अभियान भी नहीं चलाया गया जबकि सफाई हो जानी चाहिए थी आखिर ऐसा क्यों हुआ ? उस पर सितम यह कि नहर नाले में दवाई का छिड़काव भी नहीं किया गया है जो कि अधिकारियों की उदासीनता को दर्शाता हैं। सफाई व्यवस्था को लेकर आमजनता में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा हैं जो कि कभी भी विस्फोटक रूप धारण कर सकता हैं।
