भिलाई/नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से अवैध पार्किंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर कई वाहन चालक सड़क के किनारे अपने वाहन खड़े कर देते हैं। वहीं ऑटो-रिक्शा चालक भी सवारी बैठाने और उतारने के लिए सड़क पर ही वाहन रोक देते हैं। इससे यातायात बाधित होने के साथ ही अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है और सड़क दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। निगम प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा ऐसे वाहन चालकों को सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश देने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा गंभीर रूप से यातायात बाधित करने वाले वाहनों को जप्त कर संबंधित थाने में खड़ा कराया जा रहा है।निगम प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे अथवा यातायात को बाधित करने वाले स्थानों पर वाहन खड़ा न करें। ऑटो-रिक्शा एक निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर ही सवारी चढ़ाएं-उतारें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
