दुर्ग/ग्राम कुरुद से चंदूलाल चंद्राकर महाविद्यालय एवं चिकित्सा भवन तक 1.35 किलोमीटर लंबाई के पहुंच मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया। इस सड़क निर्माण कार्य की कुल स्वीकृत लागत 2 करोड़ 4 लाख 55 हजार रुपये है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, विधायक अहिवारा ने की। इस अवसर पर सरस्वती बंजारे (अध्यक्ष, जिला पंचायत),जितेन्द्र यादव (सभापति, जिला पंचायत दुर्ग),धनश्याम साहू (मंडल अध्यक्ष) तथा कीर्तन साहू (सरपंच, ग्राम कचांदुर) सहित जनप्रतिनिधियों ने विधि-विधान के साथ पूजा- अर्चना कर भूमि पूजन संपन्न किया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह सड़क निर्माण कार्य क्षेत्र के विद्यार्थियों, मरीजों एवं ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। चंदूलाल चंद्राकर महाविद्यालय एवं चिकित्सा संस्थान तक आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
