राजनांदगांव/नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल वितरित,पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भापुसे) द्वारा 150 विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल प्रदान किए गए।
नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी एवं तकनीक आधारित क्रियान्वयन को गति प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा उपलब्ध कराए गए स्मार्ट मोबाइल आज पुलिस कार्यालय राजनांदगांव में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भापुसे) के कर कमलों से जिले के विवेचकों को वितरित किए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने कहा कि नवीन आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद विवेचना प्रक्रिया में तकनीक का महत्व और अधिक बढ़ गया है। घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य संकलन, फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, विभिन्न पुलिस एप्लिकेशन के उपयोग तथा त्वरित सूचना आदान-प्रदान के माध्यम से विवेचना को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध बनाया जा सकता है। इन स्मार्ट मोबाइलों के माध्यम से विवेचक नवीन तकनीकों का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं वैज्ञानिक विवेचना सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि प्रदत्त मोबाइल का उपयोग केवल शासकीय कार्यों में करें तथा नवीन कानूनों के अनुरूप विवेचना की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाते हुए आमजन को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने उत्कृष्ट विवेचना, डिजिटल साक्ष्यों के समुचित संकलन तथा तकनीक के अधिकतम उपयोग पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में उपस्थित नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन व उप पुलिस अधीक्षक केपी मरकाम तथा सभी विवेचकों ने पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्मार्ट मोबाइल नवीन कानूनों के अनुरूप विवेचना कार्य को अधिक सरल, तेज एवं प्रभावी बनाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे तथा इससे शासकीय कार्यों के निष्पादन में उल्लेखनीय सुविधा प्राप्त होगी।
राजनांदगांव पुलिस नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, तकनीक आधारित विवेचना तथा नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
