भिलाई/सूत्रों से प्राप्त जानकारीनुसार वार्ड 30 प्रगति नगर में पानी,बिजली और सड़क की समस्या बनी हुई है जिससे निजात दिलवाने में स्थानीय पार्षद असफल रही हैं जिससे क्षेत्रीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त हैं। जानकारीनुसार उक्त वार्ड के अन्नपूर्णा मार्केट में पानी की विकराल समस्या बनी हुई है जिसको लेकर पार्षद से अनेक दफा शिकायत भी की गई किंतु कोई निराकरण नहीं निकला जबकि मार्केट में जल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से होना चाहिए ताकि दुकानदार और ग्राहक अपनी प्यास आसानी से बुझा सकें। इसी प्रकार बिजली की दिक्कत ज्यों – की- त्यों बनी हुई है जबकि निगम के द्वारा नए खंभे खड़े कर दिए गए हैं किंतु इसमें महीनों से प्रकाश का प्रबंध नहीं किया गया है। यहां पर सवाल यह उठता है कि जब खंभे खड़े किए गए तो लाइट का इंतजाम क्यों नहीं हुआ ? आखिर इसके लिए कौन है जिम्मेदार ? क्या जिम्मेदारों ने अपनी जिम्मेदारी का सही निर्वहन किया? इसके अलावा अन्नपूर्णा मार्केट में सड़क की समस्या ने भी विकराल रूप धारण किया हुआ हैं जो कि अभी तक बरकरार हैं जबकी सामने निगम चुनाव है। यहां पर संजू कोल डिपो से लेकर भारत सीट तक सड़क बनवाने के लिए 5 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे जिसकी निविदा तिथि 21/11/2024 हैं परंतु कार्य अभी भी अधूरा है जो कि अनेक प्रश्नों को जन्म दे रहा हैं। यहां पर दुकानदारों एवं ग्राहकों के लिए शौचालय तक की कोई व्यवस्था नहीं है जिसके कारण न केवल दुकानदार बल्कि ग्राहकों को भी अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा हैं। साथ – ही – साथ अव्यवस्थित नाली निर्माण भी लोगों के लिए सिरदर्द का सबब बनी हुई है जिसका व्यवस्थापन न होने के कारण वार्डवासियों को मुसीबत हो रही हैं। कुल मिलाकर देखे तो यहां पर समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं और लोग अपनी किस्मत को कोस रहे हैं कि हमने सही निर्णय नहीं लिया जिसका दुष्परिणाम झेलना पड़ रहा हैं।
