दुर्ग/आज ग्राम कुथरेल स्थित चन्द्राकर भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग, दुर्ग द्वारा आयोजित महिला जागृति शिविर में सहभागिता की। अन्नप्राशन एवं गोदभराई कर शिशुओं एवं माताओं के स्वास्थ्य एवं उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने हेतु उपस्थित जनसमुदाय के साथ बाल विवाह रोकथाम का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन किया एवं उनकी मेहनत, आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता की सराहना की। महिला सशक्तिकरण, पोषण, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के माध्यम से सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प ही ऐसे आयोजनों की वास्तविक सफलता है। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन, जनपद सभापति लोमस चन्द्राकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकुमार जामुलकर, परियोजना अधिकारी श्रीमती उषा झा, प्रदीप चन्द्राकर, श्रीमती विभा मिश्रा, पूर्व सरपंच श्रीमती राजश्री चन्द्राकर, दीनानाथ चन्द्राकर तथा विभाग के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
