भिलाई/सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार नंदिनी रोड स्थित तेल्हा नाला के बगल में शिवधाम मंदिर में लाखों की जमीन पर मंदिर के आड़ में अवैध कब्जा किया जा रहा हैं जो कि चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां पर आज से कुछ वर्ष पूर्व सड़क किनारे मंदिर का निर्माण किया गया जिसका लोगों ने खुले दिल से स्वागत किया किंतु अल्प समय पश्चात ही तीन दुकानें बना ली गई और धीरे – धीरे नाले की तरफ कब्जे का दायरा बढ़ता रहा और निगम प्रशासन मूकदर्शक बना देखता रहा। सबसे आश्चर्य की बात यह है कि नाला दिनों – दिन संकरा होता रहा और निगम में बैठे अधिकारी – कर्मचारी केवल खानपूर्ति करते रहे। अभी कब्जाधारी के द्वारा उक्त भूमि पर मकान निर्माण कराया जा रहा हैं जो कि मंदिर की जमीन पर हो रहा हैं और बताया जा रहा हैं कि इस जमीन के कोई कागजात नहीं है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि किसके संरक्षण में बिना किसी डर-भय के अवैध कब्जा कर आवास निर्माण कार्य सम्पन्न हो रहा हैं। लोगों का कहना हैं कि पूर्व में भी निगम प्रशासन के अधिकारी नाला सफाई के दौरान स्थल पर गए थे और कागजात मांगे किंतु कब्जाधारी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। इससे यह स्पष्ट होता हैं कि मंदिर के ओट में कब्जा किया जा रहा हैं। अब लोगों की निगाहें ईमानदार व निष्ठावान निगम आयुक्त पर टिकी हुई हैं।