राजनांदगांव/साइबर थाना एवं चौकी मोहारा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही,मोहारा सहकारी समिति से अनाधिकृत रूप से धान खरीदी करने वाले आरोपी यशवंत वर्मा उर्फ राजू वर्मा को मोहारा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे एवं निशानदेही पर उसके मकान ग्राम खैरी से अवैध रूप से खरीदी गई 160 कट्टा धान जप्त की गई।””आरोपी”” – यशवंत उर्फ राजू वर्मा, पिता देवलाल वर्मा, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम खैरी, चौकी तुमडीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव।
मामले का संक्षिप्त विवरण :
प्रार्थी सहायक खाद्य अधिकारी डोंगरगढ़ द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 15.11.2025 से 13.05.2026 तक सेवा सहकारी समिति मोहारा में धान खरीदी एवं परिदान कार्य के दौरान समिति प्रबंधक प्रभारी संतोष वर्मा, कम्प्यूटर ऑपरेटर वेदप्रकाश साहू तथा अनाधिकृत धान खरीदार राजू वर्मा द्वारा कस्टम मिलिंग नीति 2025-26 का उल्लंघन करते हुए धान को फर्जी सूखत दर्शाकर शासन के साथ धोखाधड़ी एवं शासकीय संपत्ति के गबन का मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि कुल 995.68 क्विंटल धान, जिसकी अनुमानित कीमत ₹30,86,608/- है, को कम परिदान कर फर्जी रूप से सूखत दर्शाया गया तथा शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
विभागीय ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार उपार्जन केन्द्र मोहारा में समर्थन मूल्य के अंतर्गत कुल 1,12,831.60 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज थी, जबकि परिदान में कमी पाए जाने पर जांच की गई। जांच के दौरान दिनांक 13.05.2026 को बिना वैध दस्तावेज के धान की अवैध बिक्री किए जाने के तथ्य सामने आए। रिपोर्ट पर थाना मोहारा में धारा 318(4), 316(5), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डोंगरगढ़ के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए आरोपी यशवंत उर्फ राजू वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा मोहारा समिति प्रबंधक से अवैध धान खरीदी करना स्वीकार किया गया।
