दुर्ग/जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक में कर्मचारी संगठनों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई

दुर्ग/जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विभिन्न कर्मचारी संगठनों और विभागीय अधिकारियों के मध्य अधिकारी- कर्मचारी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ, स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन, छत्तीसगढ़ लिपकीय वर्गी शासकीय कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस, छत्तीसगढ़ टीचर एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ, आदिम जाति कल्याण विभाग कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ सहायक पशुचिकित्सक क्षेत्र अधिकारी संघ, राजस्व पटवारी संघ और छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की एजेण्डा पर विस्तारपूर्वक रायशुमारी कर निराकरण के प्रयास किये गये। कलेक्टर श्री सिंह ने विभागीय अधिकारियों से विभागीय पदोन्नति की प्रक्रिया, विभागों में वरिष्ठता सूची का प्रकाशन, विभागीय जांच, सेवा पुस्तिका संधारण, सेवा निवृत्ति उपरान्त कर्मचारियों के देय स्वत्वों का भुगतान, कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण, अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरण, चिकित्सक देयक, यात्रा भत्ता देयक, मातृत्व अवकाश, संतान पालन अवकाश, वेतन भुगतान आदि के संबंध में विभागवार जानकारी ली तथा अधिकारियों को कर्मचारी हित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग में अधिकारी-कर्मचारियों का वरीयता सूची का प्रकाशन समय पर हो, प्रकाशन पूर्व सूची का दावे आपत्तियां आमंत्रित की जाए। इसी प्रकार विभागीय जांच की कार्यवाही पर तत्परता बरते। बजट के अभाव में स्वत्वों का भुगतान के संबंध में पास फार पेयमेंट कर आवश्यक बजट विभाग से मंगायी जाए। सेवा निवृत्ति पूर्व सभी स्वत्वों का भुगतान एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करायी जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त सुमीत अग्रवाल, नगर निगम रिसाली की आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, नगर निगम भिलाई चरोदा के आयुक्त श्री डी. राजपूत, सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी सहित समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी तथा विभिन्न कर्मचारी संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *