भिलाई/वार्ड 41,तिरंगा चौक स्थित शहीद चुम्मन यादव की प्रतिमा धूल खा रही है और प्रतिमा के आसपास भारी गंदगी का साम्राज्य स्थापित हो गया है जिसको लेकर स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। यहां पर निरंतर सफाई के अभाव में मूर्ति के ऊपर धूल की परत जम जाती है जो कि अभी हुई बारिश से धूल गई है,स्थल के सामने गंदगी ने अपना बसेरा कर रखा है,निगम प्रशासन और वार्ड पार्षद के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। आप देखेंगे तो पाएंगे कि यहां पर नाली सफाई हुए कई दिन बीत चुके हैं एवं कचरे का ढेर लगा हुआ है। प्रतिमा स्थल के बगल में ही डिस्पोजल इत्यादि पड़े हुए हैं तथा झाड़ झड़ूले उग आए हैं जो कि सफाई न होने के कारण आते-जाते लोगों को चिड़ा रहे हैं,नाली सड़ांध बदबू मार रही हैं। यहां पर सवाल यह उठता है कि जब शहीद की प्रतिमा स्थल के पास ऐसा हाल है तो शहर के अन्य क्षेत्रों का क्या होगा इसका अंदाजा आप आसानी से लगा सकते हैं,देश पर कुर्बान होने वाले शहीद की प्रतिमा स्थल के आसपास कचरे का अंबार लगा हुआ है तो शेष जगहों में स्थिति कैसी होगी आप खुद समझ सकते हैं। शिव सेना यूबीटी के जिला अध्यक्ष राजू गुप्ता ने इस पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश पर अपनी जान न्योछावर करने वाले शहीद स्थल के सामने और आसपास कचरा होना एक तरह से अपमान है,जितने भी प्रतिमा स्थल है वहां पर सर्वप्रथम नित्य सफाई होनी चाहिए क्योंकि आमजनता की भावनाएं जुड़ी होती है निगम प्रशासन द्वारा की जा रही लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बहुत जल्द ही शिव सेना का एक प्रतिनिधि मंडल जिला कलेक्टर एवं निगम आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करेगा ताकि भविष्य में ऐसी गलती न हो।
