जांजगीर-चांपा/अब आपातकालीन स्थिति में आमजन को मिलेगी और त्वरित पुलिस सहायता,छत्तीसगढ़ पुलिस के अंतर्गत जांजगीर- चांपा जिला पुलिस को कानून – व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु 10 नए डायल 112 वाहन तथा 01 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन आबंटित किए गए हैं। नेक्स्ट जेन ERSS डायल 112 नवीन वाहनों को आज 20 मई 2026 को शाम कलेक्टर जन्मेजय महोबे, SP विजय कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं GVK चालकों की उपस्थिति में नए वाहनों का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन वाहनों के शामिल होने से जिले में कानून -व्यवस्था बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने तथा पीड़ित एवं आहत पक्ष तक शीघ्र पुलिस सहायता पहुंचाने में काफी मदद मिलेगी। डायल 112 एवं हाईवे पेट्रोलिंग के लिए प्राप्त आधुनिक वाहनों के माध्यम से अब जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और अधिक प्रभावी एवं तेज होगी। इससे आम नागरिकों को आपात स्थिति में शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी तथा हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी। इस अवसर पर शेषराज हरवंश पामगढ़ विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू, ASP उमेश कुमार कश्यप, DSP मुख्यालय विजय पैकरा, CSP योगिताबाली खापर्डे, DSP सतरूपा तारम, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
