राजनांदगांव/एक सप्ताह में मनगटा क्षेत्र में पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई, राजनांदगांव पुलिस ने ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत असामाजिक तत्वों पर फिर किया करारा प्रहार

राजनांदगांव/मनगटा में पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध शराब परोसने वाले रिसॉर्ट्स पर एक साथ छापा, 53 रिसॉर्ट्स की सघन जांच,रात के सन्नाटे में कानून का डंडा, शराब और डीजे की शिकायतों पर राजनांदगाँव पुलिस की निर्णायक कार्रवाई। मनगटा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सोमनी पुलिस द्वारा अचानक एवं प्रभावी छापेमारी की गई। शिकायत प्राप्त हो रही थी कि क्षेत्र के कुछ रिसॉर्ट्स में लगातार तेज़ डीजे बजाया जा रहा है तथा आगंतुकों को अवैध रूप से शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अपराध की रोकथाम, नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु यह कार्रवाई की गई। नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा मनगटा क्षेत्र के रिसॉर्ट्स पर औचक छापेमारी की गई। इस दौरान 30 पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों की टीम द्वारा लगभग 53 रिसॉर्ट्स की सघन जांच की गई। छापेमारी के दौरान लिलिपूट रिसॉर्ट, स्काई पुल रिसॉर्ट, एण्ड विला रिसॉर्ट, किम्बा फार्म रिसॉर्ट, क्लाउड नाईट रिसॉर्ट एवं फाईब्स रिसॉर्ट (मनगटा) के संचालक/मैनेजर द्वारा अपने रिसॉर्ट परिसर में आने-जाने वाले व्यक्तियों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराते हुए पाया गया। इस संबंध में निम्न व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई— विजय मिश्रा, निवासी केम्प-01, शास्त्री नगर, भिलाई, जिला दुर्ग। खिलेश्वर प्रसाद साहू, निवासी ग्राम सांकरा धीरी, थाना सोमनी। राकेश वैष्णव, निवासी शांतिनगर चिखली, जिला राजनांदगांव। भूपेन्द्र साहू, निवासी ग्राम मनगटा, थाना सोमनी। नागेन्द्र साकेत, निवासी तमरी, थाना गोविंदगढ़, जिला रीवा (मप्र)। बी. ललित कुमार, निवासी 8डी स्ट्रीट-12, आशीष नगर वेस्ट, रिसाली, भिलाई, थाना नेवई, जिला दुर्ग। मौके पर शराब का सेवन कर रहे व्यक्तियों को समझाइश दी गई एवं सभी रिसॉर्ट संचालकों/मैनेजरों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के अंतर्गत विधिवत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, कुछ अनावेदकों द्वारा पुलिस कार्रवाई से आक्रोशित होकर शांति व्यवस्था भंग करने की नियत से वाद-विवाद किए जाने पर उनके विरुद्ध धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। जिला पुलिस राजनांदगांव स्पष्ट करती है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध इस प्रकार की सख़्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *