जगदलपुर/वृंदावन कॉलोनी स्थित अय्यप्पा मंदिर में आयोजित 39वें वार्षिक महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को भगवान अय्यप्पा स्वामी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा महादेव घाट से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए संपन्न हुई।शोभायात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में दीपथाली के साथ शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्ति, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान अय्यप्पा के दर्शन हेतु बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस पावन अवसर पर जगदलपुर महापौर संजय पांडे एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा भी शोभायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान अय्यप्पा स्वामी की विधिवत पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख- समृद्धि की कामना की।
उल्लेखनीय है कि अय्यप्पा मंदिर का यह वार्षिक महोत्सव 28 जनवरी से 2 फरवरी तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों एवं कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जा रहा है।
