दुर्ग/सफलता की कहानी,धान की अच्छी कीमत ने बढ़ाया किसान युगल किशोर का हौसला, साढ़े सात एकड़ की खेती से संवर रहा परिवार का भविष्य

दुर्ग/छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों और धान खरीदी की सुदृढ़ व्यवस्था ने किसानों के जीवन में समृद्धि के नए द्वार खोल दिए हैं। शासन द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी और समय पर भुगतान से किसानों का खेती के प्रति उत्साह दोगुना हो गया है। इसी कड़ी में ग्राम फेकारी के प्रगतिशील किसान युगल किशोर साहू की कहानी खुशहाली की एक नई इबारत लिख रही है। ग्राम फेकारी निवासी किसान श्री युगल किशोर साहू ने बताया कि वे साढ़े सात एकड़ रकबे में धान की खेती करते हैं। इस वर्ष शासन की बेहतर व्यवस्था के चलते उन्होंने अपनी फसल बेची है, जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हुई है। युगल किशोर के चेहरे की मुस्कान उनकी आर्थिक मजबूती को स्वतः ही बयां कर रही है। श्री साहू ने उत्साहपूर्वक बताया कि खेती से हुई इस आय का उपयोग वे अपने परिवार के सामाजिक और घरेलू कार्यों में कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस कमाई से वे अपने घर का निर्माण कार्य (नया घर बनाना) पूर्ण कर रहे हैं। साथ ही, परिवार में बच्चों के विवाह और अन्य आयोजनों जैसे ’छट्ठी’ आदि के खर्चों को भी वे अब बिना किसी वित्तीय बोझ के आसानी से वहन कर पा रहे हैं। कृषक श्री युगल किशोर केवल धान तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वे खेती में विविधीकरण को भी बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे धान के साथ-साथ चना, मटर और लाखड़ी (तिवड़ा) जैसी दलहन फसलों की भी पैदावार कर रहे हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त लाभ प्राप्त हो रहा है। किसान युगल किशोर साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले की तुलना में अब धान की बहुत अच्छी कीमत (3100 रुपये) मिल रही है, जिससे किसानों को सीधा और बड़ा फायदा हो रहा है। उनकी इस पहल से हम किसान अब आर्थिक रूप से पहले से कहीं अधिक सक्षम और संतुष्ट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *