भिलाई/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। निगम द्वारा शहर में स्थापित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं धुलाई का कार्य कराया जा रहा है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिमाएं स्वच्छ एवं आकर्षक नजर आएं। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष सफाई कराई जा रही है। निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा सड़कों, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों से कचरा हटाकर साफ-सफाई की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा शहर की स्वच्छता एवं सौंदर्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास के क्षेत्र को भी व्यवस्थित किया जा रहा है, जिससे 15 अगस्त के अवसर पर नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। निगम अधिकारियों ने संबंधित विभाग के कर्मचारियों को सफाई कार्य समय पर पूर्ण करने तथा प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
