भिलाई/शासन के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के प्रचार-प्रसार एवं नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा मंगलवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा रैली की शुरुआत पावर हाउस चौक से हुई। रैली नंदिनी रोड होते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरी और पुनः पावर हाउस चौक पहुंचकर इसका समापन किया गया। रैली के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर शामिल अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वच्छता दीदियों ने नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं उसकी गरिमा बनाए रखने के लिए जागरूक किया। रैली के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भारत माता की जय के जयघोष लगाए। तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस रैली ने नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। रैली में नगर निगम के मुख्य कार्यालय एवं जोन कार्यालयों के अधिकारी- कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान को सदैव बनाए रखें।
