रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में संपन्न मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

रायपुर/मंत्रिपरिषद द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए छत्तीसगढ़ आबकारी नीति के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया है तथा इससे संबंधित समस्त अनुषांगिक कार्यवाहियों के लिए विभाग को अधिकृत किया गया है। मंत्रिपरिषद द्वारा नवा रायपुर अटल नगर में उच्च कोटि के शैक्षणिक संस्थान की स्थापना हेतु श्री विले पारले कलावनी मंडल (SVKM) को उनके नरसी मोंजी प्रबंधन अध्ययन संस्थान की स्थापना के लिए सेक्टर-18 में चिन्हांकित लगभग 40 एकड़ भू-खंड को एकमुश्त 90 वर्षों की लीज पर आबंटित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। नवा रायपुर में इस राष्ट्रीय स्तर के संस्थान की स्थापना से राज्य में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी।
मंत्रिपरिषद द्वारा नवा रायपुर अटल नगर में चार नवीन उद्यमिता केंद्रों की स्थापना के लिए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए जाने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में STPI के 68 केंद्र संचालित हैं, जिनमें से 60 केंद्र भारत के टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्थित हैं। छत्तीसगढ़ सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से STPI द्वारा एआई, मेडटेक (हर्बल मेडिसिन एवं वन-उत्पाद आधारित), स्मार्ट सिटी तथा स्मार्ट एग्री जैसे क्षेत्रों में उद्यमिता केंद्रों के माध्यम से आगामी तीन से पाँच वर्षों में डोमेन-विशेष के 133 स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहित किया जाएगा।
मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, वर्तमान संसाधनों के सुदृढ़ीकरण तथा निर्धारित मानकों के अनुसार जांचों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य के जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रयोगशालाओं के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक निर्णय लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *