दुर्ग/दुर्ग सांसद विजय बघेल के निरंतर और कड़े प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, रेलवे ने जारी की नई मेमू पैसेंजर ट्रेन (68768/68769) की समय-सारणी, सप्ताह में 6 दिन चलेगी ट्रेन, बस्तर अंचल के दूरस्थ क्षेत्रों की राजधानी रायपुर और भिलाई-दुर्ग से सीधे जुड़ेगी कनेक्टिविटी, व्यापार और रोजगार को मिलेगा नया आयाम
दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद विजय बघेल के भगीरथ प्रयासों के फलस्वरूप क्षेत्र की जनता को एक ऐतिहासिक सौगात मिली है। सांसद विजय बघेल द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री को बस्तर और दुर्ग संभाग की रेल सुविधाओं के विस्तार के संबंध में भेजे गए पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए, रेल मंत्रालय ने रायपुर से रावघाट (वाया दुर्ग) नई मेमू (MEMU) रेल गाड़ी संख्या 68768/68769 के परिचालन की स्वीकृति प्रदान कर दी है। रेलवे प्रशासन द्वारा इसकी आधिकारिक समय-सारणी (टाइम-टेबल) भी जारी कर दी गई है।
यह सफलता सांसद विजय बघेल और उनके कार्यालय के उस निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है, जिसके तहत वे क्षेत्र की जनता की मांगों को लेकर लगातार रेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रालय के संपर्क में बने हुए थे। दल्लीराजहरा-रावघाट रेल लाइन परियोजना के पूरा होने के बाद, इस नई मेमू ट्रेन की शुरुआत से पूरे दक्षिण छत्तीसगढ़ की तस्वीर बदलेगी। इस सीधी रेल सेवा के शुरू होने से बस्तर के अंतिम छोर पर बसे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के नागरिकों को शिक्षा के गढ़ भिलाई, व्यापारिक केंद्र दुर्ग और प्रदेश की राजधानी रायपुर तक आने-जाने में बेहद आसानी होगी। यह ट्रेन न केवल आम यात्रियों के लिए लाइफलाइन साबित होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार, कृषि उत्पादों के परिवहन और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं तक आम जनता की पहुंच को बेहद सुलभ बनाएगी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सांसद विजय बघेल ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से सहृदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “यह ट्रेन सिर्फ पटरियों पर दौड़ने वाली गाड़ी नहीं है, बल्कि यह बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाली जीवन रेखा है।
