भिलाई/प्राप्त जानकारीनुसार निगम प्रशासन के द्वारा रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहन, अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस/सूचना पत्र जारी किया गया है जिसको निगमकर्मी दुकान-दुकान जाकर दे रहे हैं जिसको लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है। निगम प्रशासन पर भेदभावपूर्ण कार्यवाही करने के आरोप लगने प्रारंभ हो गए है। हम बात कर रहे हैं जोन 03 के विभिन्न क्षेत्रों की,जहां पर चेहरा देख कर नोटिस तामील करने की बात लोग कह रहे हैं और कहीं खुशी-कहीं ग़म वाली स्थिति दिखलाई पड़ रही हैं। खुशी वो लोग मना रहे हैं जिनको निगम का कोई नोटिस नहीं मिला तथा गम उनको हो रहा है जिनको नोटिस मिल चुका है ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है। नोटिस में उल्लेख हैं कि भिलाई के क्षेत्रांतर्गत मुख्य मार्ग/सर्विस रोड में आपके द्वारा वाहन खड़ा/पार्किंग कर/सामग्री रख कर मार्ग एवं मार्ग के किनारे अतिक्रमण किया गया है जिससे यातायात में बाधा पड़ रही है तथा कभी भी दुर्घटना होने की संभावना/आशंका है जो कि यातायात नियमों का उल्लंघन है। अतः आपको सूचित किया जाता है कि मार्ग से अपना वाहन/सामग्री तत्काल हटा लेवे अन्यथा की स्थिति में प्रशासन के द्वारा वाहन हटाने/जब्ती की कार्रवाई की जाएगी एवं उक्त कार्यवाही में होने वाला व्यय की राशि/आपके वाहन के कारण होने वाली दुर्घटना की भरपाई की राशि आपसे वसूल किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जवाबदारी आपकी स्वयं की होगी। इस नोटिस के मिलने के बाद अतिक्रमण एवं सड़क पर पार्किंग करने वालों के बीच निश्चित रूप से खलबली मची हुई है किंतु कुछ को छोड़ देने की कथित रूप से बात सामने आ रही है जिसको लेकर नाराजगी भी है।जीई रोड पर अनेक ऑटो डील वाले हैं जो कि दोपहिया वाहन से लेकर चारपहिया तक को सर्विस रोड पर ही खड़ा करते हैं उनको विशेष छूट देने का लोग आरोप लगा रहे हैं जिससे अन्य दुकानदारों में आक्रोश व्याप्त हैं।
