भिलाई/नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के उद्देश्य से जोन-01 नेहरू नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। निगम प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने नेहरू नगर चौक गुरुद्वारा से मौर्या टॉकीज मार्ग तक सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े किए गए वाहनों तथा अवैध गुमटियों को हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सड़क पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों को हटाया गया तथा मार्ग में बाधा उत्पन्न कर रही गुमटियों को भी हटवाया गया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें तथा अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
