भिलाई/रिसाली,मैत्री नगर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में सांसद विजय बघेल ने भागवत कथा का किया रसपान

भिलाई/मैत्री नगर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में 8 अप्रैल से 15 अप्रैल तक श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह एवं बरसी वार्षिक श्राद्ध का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन बैकुंठवासी स्वर्गीय श्रीमती उषा ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर ठाकुर परिवार द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता पंडित संतोष अवस्थी द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का रसपूर्ण एवं भावपूर्ण वाचन किया गया। उनके मुखारविंद से निकली कथा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया और पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने पंडित संतोष अवस्थी से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा अपने उद्बोधन में कहा कि ठाकुर परिवार द्वारा किया गया यह आयोजन अत्यंत पुण्य एवं प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को धर्म एवं संस्कारों से जोड़ते हैं।
सांसद श्री बघेल ने आगे कहा कि पंडित अवस्थी अत्यंत भावपूर्ण शैली में कथा का वाचन करते हैं, जिससे श्रोताओं को भगवान की भक्ति में लीन होने का अवसर मिलता है। उन्होंने ठाकुर परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस पावन अवसर पर कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
उन्होंने स्वर्गीय श्रीमती उषा ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यदि पुनर्जन्म सत्य है, तो भगवान उन्हें पुनः ऐसे ही पुण्यभूमि एवं धार्मिक वातावरण में जन्म प्रदान करें।
कार्यक्रम के दौरान पूरे सप्ताह सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन का समापन हवन-पूजन एवं प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ,जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *