भिलाई/नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा दीपावली पर्व को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर दुकानदारों को समझाइश दी जा रही है। निगम की टीम द्वारा सड़क किनारे दुकान एवं पसरा लगाकर व्यापार करने वाले दुकानदारों को निर्देशित किया जा रहा है कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर न रखें और निर्धारित स्थान के भीतर ही व्यापार करें। निगम द्वारा दुकानदारों को यह भी समझाइश दी जा रही है कि वे अपनी दुकान के सामने ग्राहकों को वाहन खड़ा करने से रोकें, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो। दुकानों के सामने एवं सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में नागरिकों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़कों पर अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग से जाम की स्थिति निर्मित हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा व्यापारियों से सहयोग की अपील की जा रही है। निगम प्रशासन ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, सड़क एवं फुटपाथ को आवागमन के लिए खाली रखें तथा अपनी दुकान की सीमा के भीतर ही व्यापार करें, जिससे दीपावली पर्व के दौरान नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
