भिलाई/बहुप्रतीक्षित नगर पालिक निगम भिलाई के 70 वार्डों के लिए वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया कला मंदिर,सिविक सेंटर में सम्पन्न हुई जिसमें पूरी पारदर्शिता बरती गई। इस आरक्षण के दौरान जिला कलेक्टर,निगम आयुक्त के साथ साथ बड़े अधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित रहे। खासकर वे लोग जरूर मौजूद रहे जिनको कि आगामी निगम का चुनाव लड़ना है जो कि वार्ड पार्षद बनने का सपना देख रहे हैं। इसमें से कुछ को सफलता दिखाई दी तो शेष मायूस भी दिखे क्योंकि आरक्षण उनके मनमुताबिक नहीं हो पाया, लॉटरी प्रक्रिया ने उनके सपनों पर पानी फेर दिया। जिसके भाग्य ने साथ दिया वो खुश नजर आए और चंद किस्मत को कोसते भी दिखे। यहां पर बहुत से लोग भगवान और अपनी किस्मत को धन्यवाद देते दिखलाई पड़े। पिछले कई दिनों से सभी को बेसब्री से आरक्षण का इंतजार था जो कि खत्म हुआ क्योंकि संभावना व्यक्त की जा रही हैं कि दिसंबर में चुनाव हो सकते हैं जिसको लेकर लोगों में भारी उत्सुकता थी। कांग्रेस – भाजपा के प्रतिनिधि अपने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ बैठे रहे इसमें सबसे अच्छी बात यह रही कि किसी प्रकार का कोई हंगामा नहीं हुआ क्योंकि प्रशासन ने निर्धारित नियमों तथा प्रावधानों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जिसकी चहुंओर भूरि – भूरि प्रशंसा हो रही हैं। अब नगर निगम क्षेत्र के वार्डों का आरक्षण हो जाने के बाद आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियां तेज हो जाएंगी और फिजां बदली-बदली दिखेगी। कुल मिलाकर अगर हम यह कहे कि “””कहीं खुशी – कहीं गम””” तो ये कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।
