भिलाई/युवा यादव कल्याण परिषद सेक्टर-6 भिलाई द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल रहे। परिषद द्वारा सांसद विजय बघेल का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। अपने उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण विष्णु के अवतार हैं, जिन्होंने अधर्म और अत्याचार का नाश कर धर्म की स्थापना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यादव समाज की एकजुटता और सामाजिक सहभागिता सराहनीय है। परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में 20 वर्षों से समाज सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है, जिसमें महिला समूह भी कंधे से कंधा मिलाकर सहभागिता कर रहे हैं। सांसद विजय बघेल ने भजन “सुख के सब साथी, दुख में न कोई” की प्रस्तुति भी दी, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इसके पश्चात विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में उमानाथ यादव, राज नारायण यादव, महेंद्र यादव, रविन्द्र यादव, उमाशंकर यादव, ओमप्रकाश यादव, अखिलेश यादव, जितेंद्र चौधरी, भरत यादव, अजम यादव, रामशीष यादव, कन्हैया यादव एवं मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
