भिलाई/प्राप्त जानकारीनुसार यहां पर पिछले कुछ दिनों से दिनदहाड़े जुआं खेला जाता हैं और वो भी बिना किसी भय के धड़ल्ले से जारी है। रेलवे क्रॉसिंग के समीप ओवर ब्रिज के अधोभाग में गुमटियां आबंटित की गई है यहां पर अनेक दुकानें है जिसमें गाड़ी मैकेनिक,रफू आदि की दुकान है वहीं पर कुछ लोग कथित रूप से प्रतिदिन मजमा जमाकर बैठ जाते हैं और सुबह से लेकर रात तक जुआं खेलते रहते हैं जिसके कारण स्थानीय दुकानदार बेहद परेशान हैं। उनके मना करने के बावजूद जुआरी मानने को तैयार नहीं है जिससे उनके व्यवसाय पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा हैं और व्यापारीगण अपने गिरते व्यापार को लेकर अत्यधिक चिंतित हैं। हैरत की बात यह है कि इससे चंद दूरी पर ही थाना छावनी है किंतु जुआरियों में जरा भी डर दिखलाई नहीं दे रहा है मानो उनको पता है कि पुलिस प्रशासन हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम उक्त राह से गुजरती जरूर है किंतु केवल सायरन बजाते निकल जाती हैं गाड़ी से उतरकर देखने की जहमत तक नहीं उठाती जिसके कारण जुआरियों के हौसले बुलंद हैं उनको पता है कि पुलिस गाड़ी मात्र खानापूर्ति करने आती हैं और चली जाती हैं लेकिन इसका दुष्परिणाम दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है जो कि अपना और अपने परिवार का जीवनयापन करने बैठे हैं। पुलिस प्रशासन की लापरवाही की सजा व्यापारियों को भुगतनी पड़ रही हैं इन जुआरियों की जद में आकर कई व्यापारी भी जुआं खेलना प्रारंभ कर दिए हैं जिससे उनकी आर्थिक दशा बिगड़ रही हैं और ग्राहक भी आने से कतरा रहे हैं। ऐसे में आने वाले समय में पूरा बाजार जुआं की चपेट में आ सकता हैं। पुलिस प्रशासन को समस्या की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए वक्त रहते कार्रवाई करने की आवश्यकता है अन्यथा उक्त स्थान जुआं का अड्डा बन सकता हैं।
