रायपुर/छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने कहा कि छोटे होटलो में जांच करना आसान दिखाई देता है, लेकिन बड़े और प्रभावशाली होटल संचालकों तक खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच टीम क्यों नहीं पहुंचती, यह सवाल उठना स्वाभाविक है। क्या बड़े और रसूखदार होटल जांच के दायरे से बाहर हैं? खाद्य सुरक्षा विभाग को इस पर स्पष्ट स्थिति बतानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि रायपुर के बड़े एवं स्टार होटलों में बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किया जाए। जांच के दौरान किचन और स्टोर में रखी खाद्य सामग्री, एक्सपायरी डेट, मांस-मछली के रखरखाव, साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की जांच के साथ जरूरत के अनुसार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण भी कराया जाए। इदरीस गांधी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा के नियम होटल के आकार, प्रतिष्ठा या संचालक की पहुंच देखकर तय नहीं हो सकते। उन्होंने मांग की कि रायपुर के बड़े होटलों के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जाए और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिले, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जांच की निष्पक्षता का भरोसा तभी बनेगा, जब विभाग छोटे से लेकर बड़े हर प्रतिष्ठान तक समान रूप से पहुंचे।
