भिलाई/प्राप्त जानकारीनुसार वार्ड 32, बैकुंठधाम में जेपी नगर के सोनवानी किराना स्टोर से लेकर ट्रांसफार्मर लाईन रोड तक सड़क अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है और शासन-प्रशासन से फरियाद कर रही है कि मुझे जल्दी से संधारण करवाओ,मेरी जान निकल रही है। उक्त सड़क में जगह- जगह गड्ढों का साम्राज्य कायम है,गड्ढों ने छोटे-छोटे पोखरों का रूप धारण कर लिया है जो कि बिन बरसात हमेशा भरे रहते हैं लोगों को बारह महीने बारिश का एहसास कराते रहते हैं,समतल न होने के कारण साइकिल सवार तथा वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं ऐसा लग रहा है यहां पर खतरों के खिलाड़ी चल रहे हैं। इन गड्ढों की वजह से पूर्व में कई वाहन चालक और स्कूली बच्चे दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं मगर ऊपर वाले का आशीर्वाद होने के कारण चोटिल होने से बच गए।लोगों का कहना हैं कि चूंकि यह रोड वार्ड 31 और 32 में आती है लेकिन वार्ड 32 में घनी आबादी होने के कारण सबसे अधिक उपयोग उक्त क्षेत्र के लोग करते हैं इसलिए जिम्मेदारी भी इस वार्ड के पार्षद की बनती है। निगम चुनाव में 5 साल पूर्ण होने वाले हैं परंतु इसका उद्धार आज तक नहीं हो पाया है जो कि स्थानीय नागरिकों के लिए सिरदर्द बन गई है और लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। पिछले कई सालों से संधारण की मांग करने के बावजूद निर्माण कार्य न होना जिम्मेदारों की जिम्मेदारी को बंया कर रही है,वार्ड पार्षद को जानकारी देने के बाद भी कार्य नहीं होने से आमजनता में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। यह मुख्य सड़क होने के कारण लोगों का आवागमन कुछ ज्यादा ही होता है,त्योहारों पर भक्तजन पूजा पाठ करने बैकुंठधाम मंदिर जाने अधिकतम इसी रोड का इस्तेमाल करते हैं ऐसे में राहगीरों को अत्यधिक परेशानी हो रही है। अब सावन के साथ तीज-त्योहार का मौसम शुरू होते ही सड़क पर दबाव रहेगा लेकिन रोड में टूट-फूट और जलभराव होने के कारण भक्तों को भय सता रहा है। सड़क निर्माण के नाम पर पार्षद का चुप्पी मार लेना लोगो को खल रहा है।
