धरसीवां/ग्राम पंचायत जरौदा स्थित नूतन स्पात एंड पावर लिमिटेड में कुछ दिन पूर्व हुए करंट हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में श्रमिक अनिल यादव का उपचार के दौरान 30 जून 2026 को दुखद निधन हो गया, जबकि दो अन्य घायल श्रमिकों का उपचार अभी भी जारी है। पीड़ित परिवार को न्याय, सम्मानजनक मुआवजा एवं घायलों के समुचित उपचार की मांग को लेकर आज नूतन स्पात प्लांट का घेराव किया गया। मृतक के परिजनों से चर्चा करने के पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कंपनी प्रबंधन के साथ विस्तृत वार्ता की। बैठक में ₹40 लाख मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी तथा पेंशन की मांग प्रमुखता से रखी गई। लंबी चर्चा के बाद कंपनी प्रबंधन ने ₹32 लाख मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, पेंशन तथा दोनों घायल श्रमिकों के संपूर्ण इलाज का खर्च एवं उपचार अवधि में आर्थिक सहायता देने पर सहमति व्यक्त की। इस दौरान सूर्यप्रताप बंजारे ने केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि औद्योगिक दुर्घटनाओं में मिलने वाली मुआवजा राशि को कम से कम ₹50 लाख से बढ़ाकर ₹1 करोड़ किया जाए। उनका कहना था कि यदि दुर्घटनाओं पर कंपनियों की जवाबदेही और आर्थिक दायित्व बढ़ेगा, तो उद्योग प्रबंधन नियमित मेंटेनेंस, सुरक्षा ऑडिट एवं सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करेगा, जिससे भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सकेगी। इस अवसर पर जनपद सदस्य भगत बंजारे, जनपद सदस्य मनहरण लाल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष सूर्यप्रताप बंजारे, बजरंग दल धरसीवा प्रखण्ड महामंत्री सोहन निषाद , अरुण साहू , अजीत साहू , चैतन्य, शुभाष बंजारे, धरसीवा ब्लॉक एनएसयू आई अध्यक्ष निलेश जांगड़े, मनीष वर्मा, राहुल साहू, राहुल लहरी, गगन वर्मा , राहुल,शिव कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। हमारी स्पष्ट मांग है कि पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय मिले, सभी औद्योगिक संस्थानों में श्रमिक सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य में किसी भी श्रमिक की जान लापरवाही के कारण न जाए। मजदूर का जीवन अनमोल है। सुरक्षा से कोई समझौता नहीं — न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
