भिलाई/कुरुद स्थित ढांचा भवन में आयोजित दो दिवसीय आध्यात्मिक कथा कार्यक्रम में भैरवी धाम की पीठाधीश एवं सुप्रसिद्ध कथा वाचक सुमिरन माई (खैरागढ़) ने अपने ओजस्वी एवं भक्तिमय प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति, सेवा, भक्ति और मानवता का संदेश दिया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर भक्ति रस में सराबोर हुए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद विजय बघेल ने पहुंचकर कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया तथा कथा वाचक सुमिरन माई से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। कथा श्रवण से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन को सही दिशा प्राप्त होती है।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह ,रौशन ताम्रकार,राजा ठाकुर,भानु सिंह सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे। सभी श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ कथा का रसपान किया तथा आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम का समापन श्रद्धालुओं को आशीर्वचन एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
