भिलाई/बी-ब्लॉक, तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी रेसिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। समारोह में कॉलोनीवासियों द्वारा सांसद विजय बघेल का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल ने सुनील चौरसिया के साथ पार्षद सविता धवल सहित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि रेसिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन कॉलोनी के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा एवं सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी कॉलोनीवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देगी। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई लोक धरोहर सांस्कृतिक संस्था आहिवारा संचालक लीलाधर साहू के कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में कॉलोनी के सैकड़ों निवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह उत्साह, सौहार्द और सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ।
