भिलाई/आगामी छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर के विभिन्न तालाबों एवं छठ पूजा स्थलों के घाटों की विशेष साफ-सफाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु तालाबों के घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं तथा अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसे देखते हुए निगम प्रशासन द्वारा घाटों की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। निगम के सफाई अमले द्वारा तालाबों के घाटों की नियमित साफ-सफाई के साथ ही पानी से घुलाई कराई जा रही है। इसके अलावा घाटों एवं आसपास के परिसर में रंगरोगन का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे पूजा स्थल साफ-सुथरे एवं आकर्षक दिखाई दें। घाटों के आसपास जमा कचरे, गंदगी एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर पूरे परिसर को स्वच्छ बनाया जा रहा है। निगम द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। छठ पर्व आस्था एवं श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें परिवार एवं समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित होकर पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में तालाबों के घाटों पर स्वच्छता, साफ- सफाई एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निगम का स्वास्थ्य विभाग एवं सफाई अमला लगातार सक्रिय रहकर कार्य कर रहा है। निगम प्रशासन द्वारा पर्व के पूर्व सभी चिन्हित पूजा स्थलों की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित वातावरण में छठ पूजा संपन्न कर सकें। नगर पालिक निगम भिलाई का प्रयास है कि छठ पर्व के दौरान शहर के सभी प्रमुख तालाबों के घाट स्वच्छ एवं व्यवस्थित रहें और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

